ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण
नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक की ट्रंचिंग ग्राउंड भूमि विवाद को लेकर राजस्व विभाग व वन विभाग के अधिकारियों ने भूमि का संयुक्त सर्वेक्षण किया। गौरतलब है कि आठ सौ वर्ग मीटर में फैले ट्रंचिंग ग्राउंड के स्वामित्व को लेकर राजस्व और वन विभाग में लंबे समय से विवाद चल रहा है।
मंगलवार को वन क्षेत्राधिकारी धीर सिंह, राजस्व निरीक्षक बृजभूषण बमराड़ा, नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल मौके पर पहुंचे। इस अवसर पर दोनों विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के नक्शों का मिलान किया। राजस्व विभाग अपने नक्शे के आधार पर ट्रंचिंग ग्राउंड की भूमि पर अपने दावेदारी की है। दोनों विभागों के नक्शों के आधार पर भूमि का मिलान किया गया। फिलहाल नक्शों के आधार पर भूमि की सही चौहद्दी अभी तय नहीं हो पाई है। इस मौके पर वन क्षेत्राधिकारी धीर सिंह ने बताया कि सबसे पहले इस क्षेत्र में वन भूमि के मुंडेरों की तलाश की जा रही है। मुंडेरों के आधार पर वन भूमि का सही सीमांकन हो पाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के पास जो नक्शा है वह नया है। पुराने नक्शों के आधार पर भी भूमि का मालिकाना हक टटोला जाएगा। इसके लिए देहरादून से सर्वेयर की टीम को बुलाया गया है। सर्वे पूरा होने में लगभग एक हफ्ते का समय लग जाएगा। उसके बाद ही ट्रंचिंग ग्राउंड की भूमि का सही पता लग पाएगा। उधर, राजस्व निरीक्षक बृजभूषण बमराड़ा ने बताया कि विभागीय के नक्शे के अनुसार यह भूमि हमारी है। वन विभाग प्रशासन मुंडेरों के आधार पर अपनी भूमि का सर्वेक्षण कर सकता है। फिलहाल वन विभाग अपने वन क्षेत्र के मुंडेरों की पड़ताल कर रहा है। इसके बाद के बाद ही भूमि के मालिकाना हक का सही पता चल पाएगा।